ग्रेटर नोएडा की एक और बेटी कथित रूप से दहेज के लोभियों की भेंट चढ़ गई। प्रियंका का शव जैसे ही उसके पैतृक गांव सादोपुर पहुंचा, स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार की चीख-पुकार सुनकर मौजूद ग्रामीण और रिश्तेदार भी भावुक हो उठे।
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
गांव के अंत्येष्टि स्थल पर प्रियंका का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक मौजूद रहे। हर किसी की आंखें नम थीं और पूरे गांव में शोक का माहौल बना रहा।
पूरे गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद सादोपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि एक होनहार बेटी की असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के लिए लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं।
शिक्षित और होनहार थी प्रियंका
प्रियंका ने कंप्यूटर साइंस से बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद बीएड भी किया था। परिवार और ग्रामीणों के अनुसार वह पढ़ाई में मेधावी थी और अपने उज्ज्वल भविष्य के सपने संजोए हुए थी। उसकी मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।


