ग्रेटर नोएडा। दो दिन पहले हुई बारिश ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दावों की पोल खोल दी है। शहर के कई गांवों और सेक्टरों में जलभराव व कीचड़ की समस्या से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विकास के बड़े-बड़े वादों के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बदहाल है और हर वर्ष बारिश के दौरान नारकीय हालात बन जाते हैं।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 स्थित कृष्णा एलीट होम्स सोसायटी के बाहर भी जलभराव की गंभीर समस्या देखने को मिली। सड़क पर जमा पानी के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे प्राधिकरण की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
वहीं, जलपुरा गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की हालत भी बेहद खराब है। टूटी सड़क, कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क और जल निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया।
तुगलपुर गांव में भी बारिश के बाद जलभराव और कीचड़ से हालात बिगड़ गए हैं। ग्रामीणों ने जलभराव के बीच लोगों के आने-जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर अपनी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि हर वर्ष मानसून के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।


