नोएडा के निवासियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन एजेंसी की हड़ताल समाप्त हो गई है, जिसके बाद शहर में दोबारा कूड़ा उठाने का काम शुरू हो गया है। हाल के दिनों में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर के कई सेक्टरों में कूड़ा उठान पूरी तरह प्रभावित हो गया था।
सबसे ज्यादा परेशानी सेक्टर-51, सेक्टर-105 और सेक्टर-117 समेत कई रिहायशी इलाकों में देखने को मिली, जहां सड़कों, पार्कों और घरों के बाहर कूड़े के ढेर लग गए थे। स्थानीय निवासियों ने बदबू, मच्छरों और बीमारी फैलने की आशंका को लेकर लगातार चिंता जताई थी। पहले भी इन सेक्टरों में सफाई व्यवस्था और कूड़ा उठान को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं।
हड़ताल खत्म, लोगों ने ली राहत की सांस
हड़ताल खत्म होने के बाद अब एजेंसी और प्राधिकरण के सामने सबसे बड़ी चुनौती जमा हुए कचरे को जल्द से जल्द साफ कर शहर को सामान्य स्थिति में लाना है। कई दिनों से रुका हुआ कूड़ा उठान दोबारा शुरू होने से लाखों निवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थायी समाधान की मांग तेज
हालांकि, शहर के लोगों का कहना है कि हर कुछ महीनों में डोर-टू-डोर गार्बेज एजेंसी की हड़ताल से सफाई व्यवस्था चरमरा जाती है। ऐसे में नोएडा प्राधिकरण को स्थायी समाधान और वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करनी होगी ताकि भविष्य में किसी हड़ताल का खामियाजा आम जनता को न भुगतना पड़े।






