नोएडा।नोएडा में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं नयागांव निवासी रवि प्रधान खारी की पत्नी बबीता खारी ने कुछ लोगों पर सांठगांठ कर उनके परिवार का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। बुधवार को नोएडा मीडिया क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस से मिलीभगत कर मार्केट पर कब्जे का आरोप
बबीता खारी ने आरोप लगाया कि हबीबपुर गांव निवासी शिवराम शर्मा पुलिस के साथ मिलकर गेझा-भंगेल स्थित उनके मार्केट पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उनके अनुसार, शिवराम शर्मा पुलिसकर्मियों के साथ मार्केट पहुंचकर दुकानदारों को धमकाते हैं और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी देते हैं।
पति और बच्चों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराने का दावा
बबीता खारी ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस से सांठगांठ कर उनके पति रवि प्रधान खारी और बच्चों के खिलाफ फेस-2 थाने में फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के कारण उनका परिवार मानसिक रूप से परेशान और भयभीत है।
अदालत में मामला विचाराधीन होने का दावा
बबीता खारी के अनुसार, मार्केट से संबंधित मामला गौतमबुद्धनगर जिला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने दावा किया कि अदालत ने 21 अगस्त 2023 को उनके पक्ष में स्टे ऑर्डर भी जारी किया था। उनका आरोप है कि मामला न्यायालय में लंबित होने और स्टे आदेश के बावजूद मार्केट पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।


