नोएडा। नोएडा में एक थार सवार युवक पर भाजपा की एक विंग के मंडल अध्यक्ष के साथ गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और वाहन से कुचलने का प्रयास करने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थार से कुचलने का लगाया आरोप
सर्फाबाद गांव निवासी रामकिशन यादव ने पुलिस को बताया कि एक जुलाई को गौरव नामक युवक ने उन्हें सरकारी जमीन की जानकारी देने के लिए रोसेला फार्महाउस बुलाया था। बातचीत के दौरान गांव का सुभाष यादव थार वाहन से वहां पहुंचा और कथित तौर पर तेज रफ्तार में गाड़ी चलाकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया। पीड़ित ने किसी तरह खुद को बचाया।
राइफल दिखाकर धमकाने का आरोप
रामकिशन यादव का आरोप है कि विरोध करने पर सुभाष यादव ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अपनी थार में राइफल लेकर आया था और धमकाने के दौरान उसे निकालने की कोशिश भी की।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी सुभाष यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।


