ग्रेटर नोएडा। शहर की बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बैटरी संचालित कचरा उठाने वाली मशीनें खरीदने जा रहा है। इन मशीनों के संचालन से सार्वजनिक स्थानों पर दिनभर सफाई व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
पायलट परियोजना के बाद खरीद प्रक्रिया शुरू
प्राधिकरण ने पायलट परियोजना के तहत मशीन का परीक्षण सफल रहने के बाद खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है। मशीनें पॉलिथीन, प्लास्टिक की बोतलें, केन सहित सूखा और गीला कचरा एकत्र करेंगी, जिससे सफाई व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी।
14 जुलाई को कंपनियों के साथ होगी बैठक
निविदा जारी करने से पहले 14 जुलाई को इच्छुक कंपनियों और एजेंसियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में परियोजना की तकनीकी जानकारी, मशीनों के संचालन और अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
पहले चरण में खरीदी जाएंगी पांच मशीनें
अधिकारियों के अनुसार बैठक में कंपनियों के सुझाव और सवाल भी लिए जाएंगे। पहले चरण में 240 लीटर क्षमता वाली पांच बैटरी संचालित कचरा उठाने वाली मशीनें खरीदी जाएंगी, जिनसे बाजारों और व्यस्त क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।


