नोएडा में हादसे का इंतजार? मौत के तारों पर सो रहा सिस्टम! SDO-JE का ‘दो दिन’ वाला वादा हवा, सेक्टर-130 में मंडरा रहा बड़ा खतरा; निवासियों में डर

नोएडा। सेक्टर-130 में बिजली विभाग के दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। बिजली के नंगे तार आज भी पेड़ों की शाखाओं पर लटके हुए हैं और कभी भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि 9 जून 2026 को सेक्टर के दौरे पर पहुंचे बिजली विभाग के एसडीओ होशियार सिंह और जेई कृष्णा सोलंकी ने दो दिन के भीतर सभी नंगी लाइनों को एबीसी केबल में बदलने का आश्वासन दिया था, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

‘दो दिन में काम होगा’ का वादा, लेकिन तार आज भी मौत बनकर लटक रहे

सेक्टर-130 आरडब्ल्यूए के उपाध्यक्ष अशोक चौहान का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों ने निवासियों को भरोसा दिलाया था कि सेक्टर में लगे सभी नंगे तारों को सुरक्षित एबीसी केबल से बदल दिया जाएगा। मगर वादे के बावजूद कोई काम शुरू नहीं हुआ। सेक्टर की कई जगहों पर बिजली के तार पेड़ों की शाखाओं में उलझे हुए हैं, जबकि नियमानुसार इन्हें बिजली के खंभों पर सुरक्षित तरीके से होना चाहिए।

मुख्य अभियंता से मिलने का समय तक नहीं, फोन भी नहीं उठा रहे अधिकारी

अशोक चौहान ने बताया कि उन्होंने समस्या को लेकर मुख्य अभियंता से मिलने के लिए विभाग के व्हाट्सएप नंबर पर संदेश भेजकर समय मांगा, लेकिन न तो उन्हें मिलने का समय दिया गया और न ही फोन कॉल का जवाब मिला। उनका कहना है कि जब अधिकारी ही शिकायत सुनने को तैयार नहीं हैं, तो आम नागरिक अपनी समस्या लेकर जाएं तो कहां जाएं?

हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन?

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात और तेज हवाओं के मौसम में पेड़ों पर लटके बिजली के तार किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। लोगों का आरोप है कि विभाग हादसा होने का इंतजार कर रहा है। सवाल यह है कि जब अधिकारियों ने खुद मौके पर जाकर खतरे को देखा और समाधान का आश्वासन दिया था, तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या बिजली विभाग किसी अनहोनी के बाद ही जागेगा या फिर सेक्टर-130 के लोगों को सुरक्षित बिजली व्यवस्था का अधिकार सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहेगा?

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें