नोएडा। सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए की पहल पर महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नियमित नि:शुल्क योग शिविर आयोजित किया जा रहा है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने बताया कि कार्यकारिणी समिति के आग्रह पर समाजसेविका डॉ. नीलम भाटी प्रतिदिन महिलाओं को योग का प्रशिक्षण दे रही हैं। इस शिविर में रोज़ाना 70 से 80 महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास कर रही हैं।

नि:स्वार्थ सेवा बन रही प्रेरणा
आरडब्ल्यूए के अनुसार, डॉ. नीलम भाटी बिना किसी निजी लाभ या प्रचार-प्रसार की भावना के पूरी निष्ठा के साथ यह सेवा दे रही हैं। उनका उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाना है। आरडब्ल्यूए का मानना है कि उनका यह सेवा भाव समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक उदाहरण है ।

योग से स्वस्थ समाज का संकल्प
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग महिलाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉ. नीलम भाटी जैसी समाजसेविकाएं बिना किसी दिखावे के जमीनी स्तर पर समाज की सेवा कर रही हैं, जो पूरे समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आरडब्ल्यूए ने उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
महिलाओं से जुड़ने की अपील
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने सेक्टर की सभी महिलाओं से नियमित रूप से योग शिविर में शामिल होने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 भविष्य में भी निवासियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा।


