
नोएडा । नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर पांच चौकी प्रभारियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें मोरना चौकी प्रभारी अजित सिंह, सेक्टर-12/22 चौकी प्रभारी अक्षय प्रताप, जेवर की आरआर साइट चौकी प्रभारी बिरजलाल, सूरजपुर कस्बा चौकी प्रभारी कपिल पांडे और कचहरी सूरजपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार शामिल हैं।

कई एसीपी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश
पुलिस आयुक्त ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कई अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं। इनमें एसीपी-2 नोएडा, एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा और एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा शामिल हैं। जांच में अधिकारियों की कार्यप्रणाली और शिकायतों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।
तीन थाना प्रभारियों की भी होगी जांच
इसके अलावा थाना सेक्टर-113, थाना बीटा-2 और थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षकों के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस विभाग में इस कार्रवाई के बाद लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों को शिकायतों पर समय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
चोरी और झपटमारी रोकने में नाकामी पर भी कार्रवाई
पुलिस आयुक्त ने ओखला चौकी, सेक्टर-98 चौकी, सरस्वती इंक्लेव चौकी, कचहरी चौकी फेस-2, कलौंदा चौकी, सिरसा चौकी और शाहबेरी/चिपियाना चौकी के प्रभारियों के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही थाना दनकौर के हल्का-1 और थाना इकोटेक-1 के हल्का-3 के प्रभारियों की भी जांच होगी। चोरी और झपटमारी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम नहीं कर पाने के मामलों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।


