
ग्रेटर नोएडा।ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपने अधिसूचित क्षेत्र के ग्राम भनौता में अतिक्रमण के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस दौरान करीब 20 हजार वर्ग मीटर जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के अनुसार, मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये है। कालोनाइजर इस जमीन पर अवैध प्लॉटिंग कर कॉलोनी बसाने की कोशिश कर रहे थे।

बाउंड्री वॉल बनाकर बसाई जा रही थी अवैध कॉलोनी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि भनौता गांव के खसरा संख्या 371 और 372 की जमीन पर कालोनाइजर बाउंड्री वॉल बनाकर अवैध कॉलोनी विकसित करने का प्रयास कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-दो की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई दोपहर दो बजे शुरू हुई और करीब दो घंटे तक चली।
अवैध प्लॉटिंग और विला निर्माण पर भी कार्रवाई
प्राधिकरण की टीम ने भनौता में अधिसूचित क्षेत्र के अंतर्गत बन रहे विला और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ भी कार्रवाई की। संबंधित निर्माण पर रोक लगाते हुए सीलिंग की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण का कहना है कि अधिसूचित जमीन पर बिना अनुमति निर्माण और अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सीईओ के निर्देश पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसीईओ सुमित यादव ने लोगों से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी प्राप्त करें और अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई न लगाएं। प्राधिकरण के अनुसार, जमीन की वैधता की जांच किए बिना खरीदारी करने से लोगों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।


