[gtranslate]
[gtranslate]

नोएडा: सेक्टर-105 में आवारा गोवंश और अवैध पशु गतिविधियों का मुद्दा उठा, RWA ने प्राधिकरण से की कार्रवाई की मांग

विज्ञापन

नोएडा। सेक्टर-105 की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने सेक्टर में नागरिकों की सुरक्षा, जन-स्वास्थ्य और आवारा पशुओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजा है। RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के नेतृत्व में भेजे गए पत्र में समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है। RWA के अनुसार, सेक्टर-105 के गेट नंबर-3 के मुख्य प्रवेश द्वार और मार्ग पर रोजाना करीब 30 से 40 आवारा गोवंश जमा रहते हैं। इससे यातायात प्रभावित होता है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। एसोसिएशन ने गोवंशों को कैटल कैचर वाहनों की मदद से सुरक्षित तरीके से नजदीकी अधिकृत गौशाला में पहुंचाने की मांग की है।

आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक पशु गतिविधियों पर जताई चिंता

RWA ने सेक्टर में कथित तौर पर संचालित विदेशी बिल्लियों के व्यावसायिक ब्रीडिंग सेंटर और बिना वैधानिक अनुमति चल रहे डॉग शेल्टर का मुद्दा भी उठाया है। एसोसिएशन ने प्राधिकरण से इन गतिविधियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। RWA का कहना है कि आवासीय क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों से स्थानीय निवासियों, बुजुर्गों और बच्चों को असुविधा हो सकती है। पशु-प्रेम और जीव-दया को महत्वपूर्ण बताते हुए एसोसिएशन ने कहा कि पशुओं से संबंधित गतिविधियां निर्धारित नियमों और व्यवस्थाओं के तहत संचालित होनी चाहिए।

आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रण और पेट पॉलिसी के पालन पर जोर

एसोसिएशन ने आवारा कुत्तों की नसबंदी और संख्या नियंत्रण से जुड़ी सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। RWA ने यह भी अनुरोध किया कि यदि बाहरी क्षेत्रों से लाकर सेक्टरों में पशु छोड़ने की गतिविधियां हो रही हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच की जाए। इसके अलावा, पालतू पशुओं को सार्वजनिक स्थानों पर पट्टे (लीश) से बांधकर रखने और उनके मल-मूत्र से गंदगी न फैलने देने संबंधी नियमों के पालन के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की गई है। एसोसिएशन के अनुसार, सड़कों पर गंदगी और पशुओं की वजह से फिसलने जैसी घटनाओं से राहगीरों तथा बुजुर्गों को चोट लगने का खतरा रहता है।

सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण बनाना RWA का उद्देश्य: दिव्य कृष्णात्रेय

RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि एसोसिएशन जीव-दया, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सौहार्द के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्देश्य किसी व्यक्ति या व्यवस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि सेक्टर के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों से समस्याओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

नोएडा से 2027 विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें