नोएडा। नोएडा के ग्राम रोहिल्लापुर, सेक्टर-132 निवासी पांच वर्षीय मास्टर रूद्र प्रताप सिंह तोमर ने बढ़ते प्रदूषण और बिगड़ते पर्यावरण को लेकर नोएडा प्राधिकरण के CEO श्री कृष्णा करुणेश और नोएडा विधायक श्री पंकज सिंह के नाम पत्र लिखकर स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण की मांग की है।
मासूम रूद्र ने मांगी साफ हवा
रूद्र ने अपनी मासूम लेकिन गंभीर अपील में लिखा, “मैं पाँच साल का हूँ। मैं कोई खिलौना या सुविधा नहीं मांग रहा। मैं सिर्फ चाहता हूँ कि जब मैं बड़ा होऊँ तो मुझे सांस लेने के लिए साफ हवा मिले।”
सर्दी से पहले प्रदूषण पर कार्रवाई की मांग
पांच वर्षीय रूद्र ने सर्दी आने से पहले ही प्रदूषण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई शुरू करने की अपील की है। उसने चिंता जताई कि जहरीली हवा का सबसे ज्यादा असर बच्चों पर पड़ता है। रूद्र ने कहा कि वह नहीं चाहता कि उसे और उसके जैसे हजारों बच्चों को प्रदूषण के कारण सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़े।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती की मांग
रूद्र ने प्रशासन से सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन पर सख्त रोक लगाने की मांग की है। उसका कहना है कि प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने जरूरी हैं।
प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों की जांच हो
रूद्र ने प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों और कंपनियों की नियमित जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कानूनों को सख्ती से लागू करने की अपील की है।


