नोएडा। ग्रेटर नोएडा से दादरी के बीच सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग तेज हो गई है। दादरी के निवासियों ने इस संबंध में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) को पत्र भेजकर जनहित में बसों का नियमित संचालन शुरू कराने की मांग की है।
पहले भी कुछ दिनों के लिए चली थी बस सेवा
आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य ने बताया कि पूर्व में नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति होते हुए दादरी तक बस सेवा संचालित की गई थी। हालांकि, यह सेवा केवल कुछ दिनों तक ही चल सकी और बाद में बंद कर दी गई।
हर घंटे तय समय सारिणी के साथ बस चलाने की मांग
दादरी के निवासियों ने मांग की है कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और चार मूर्ति होते हुए दादरी तक बस सेवा को दोबारा शुरू किया जाए। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों का संचालन प्रत्येक घंटे तय समय सारिणी के अनुसार करने की मांग की गई है।
नियमित बस सेवा से यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
निवासियों का कहना है कि नियमित सिटी बस सेवा शुरू होने से दादरी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को नोएडा व ग्रेटर नोएडा आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए एआरएम से जल्द बस सेवा बहाल करने की मांग की है।


