डीपी चौहान के नेतृत्व में सीईओ से मिला प्रतिनिधिमंडल
ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ कृष्णा करुणेश से मुलाकात की। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि सड़क की मरम्मत के साथ-साथ सड़क के दोनों किनारों और बीच में उगी कंटीली झाड़ियों की कटाई-छंटाई तथा जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों की सफाई का कार्य शुरू किया गया है।
पुष्पगुच्छ और शहीदों की पेंटिंग देकर किया सम्मानित
प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ कृष्णा करुणेश को पुष्पगुच्छ और शहीद सुभाष चंद्र बोस की पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, नोएडा प्राधिकरण के जीएम सिविल अशोक कुमार अरोड़ा को भी शहीद चंद्रशेखर आजाद की पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया।
2014 में हुआ था चार लेन सड़क का निर्माण
यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क का निर्माण वर्ष 2014 में नोएडा प्राधिकरण द्वारा वित्तपोषित धनराशि से कराया गया था। संगठन के अनुसार, सिंचाई विभाग और नोएडा प्राधिकरण के बीच हुए एमओयू की शर्तों के तहत सड़क की मरम्मत और अनुरक्षण का कार्य प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली धनराशि से कराया जाना प्रस्तावित था।


