नोएडा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की पूर्वसंध्या पर वृंदावन चंद्रोदय मंदिर द्वारा आयोजित भव्य ‘कृष्णोत्सव’ कार्यक्रम में पूरा नोएडा कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सेक्टर-74 स्थित वेडिंग क्राउन बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संध्या में हजारों श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
नृत्य-नाटिकाओं ने मोहा मन, जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंजा सभागार
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ। इसके बाद बच्चों और निपुण कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं तथा सनातन संस्कृति पर आधारित मनमोहक नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा सभागार तालियों व ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
ज्वाइंट सीपी आर. एन. मिश्रा ने की आयोजन की सराहना
इस अवसर पर ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस आर. एन. मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने वृंदावन चंद्रोदय मंदिर द्वारा भारतीय आध्यात्मिक मूल्यों और सांस्कृतिक धरोहर को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गणमान्य लोगों की मौजूदगी में भक्ति और संस्कृति का संगम
समारोह में दिव्य कृष्णात्रेय, अध्यक्ष आरडब्ल्यूए सेक्टर-105, उद्योगपति मनमोहन शर्मा, उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पीयूष द्विवेदी और मूनलाइट इंफ्रा के सीईओ मोनू चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अतिथियों और श्रद्धालुओं ने आयोजन की शोभा बढ़ाई तथा मंदिर प्रबंधन की नई पीढ़ी को सनातन परंपराओं से जोड़ने की पहल का स्वागत किया।





