नोएडा। नोएडा वासियों को अब अलग-अलग स्थानों पर कारों के शोरूम खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-105 में एक आधुनिक ऑटो शोरूम हब विकसित करने की योजना बनाई है। इसके लिए प्राधिकरण ने वाहन कंपनियों से आवेदन आमंत्रित करते हुए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी किया है। यह हब नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किया जाएगा।
12,596 वर्गमीटर भूमि पर विकसित होगी परियोजना
प्राधिकरण ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 12,596 वर्गमीटर व्यावसायिक भूमि चिह्नित की है। यहां विभिन्न वाहन कंपनियों के शोरूम के साथ अन्य व्यावसायिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। योजना के तहत ऑटो शोरूम के लिए पांच भूखंड, एक बहुमंजिला पार्किंग, दो रेस्टोरेंट और एक अतिरिक्त व्यावसायिक भूखंड शामिल किया गया है।
पार्किंग और खाने-पीने की सुविधाएं भी मिलेंगी
वर्क सर्किल आठ के वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार के अनुसार, प्रत्येक ऑटो शोरूम भूखंड का आकार करीब 2,231 से 2,300 वर्गमीटर होगा। बहुमंजिला पार्किंग के लिए 2,261 वर्गमीटर भूमि निर्धारित की गई है, जबकि दो रेस्टोरेंट के लिए 500-500 वर्गमीटर के भूखंड रखे गए हैं। इससे ग्राहकों को वाहन खरीदारी के साथ-साथ पार्किंग और खाने-पीने की सुविधा भी मिल सकेगी।
एक ही स्थान पर होगी ब्रांड और कीमतों की तुलना
अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में नोएडा में कई वाहन शोरूम अलग-अलग स्थानों पर होने के कारण ग्राहकों को पार्किंग और अन्य सुविधाओं को लेकर परेशानी होती है। नए ऑटो हब में एक ही जगह कई कंपनियों के शोरूम होने से ग्राहक विभिन्न ब्रांड, मॉडल और कीमतों की आसानी से तुलना कर सकेंगे। कंपनियां 18 सितंबर तक अपनी आपत्तियां और सवाल भेज सकती हैं, जबकि प्री-बिड बैठक 11 सितंबर को आयोजित की जाएगी।


