नोएडा। यूपी के नोएडा में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाली एक गृहिणी से साइबर ठगों ने 19 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता के मोबाइल पर 25 जुलाई को एक अनजान नंबर से वाहन चालान से संबंधित मैसेज आया था।
एपीके फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हुआ हैक
पीड़िता ने गलती से मैसेज के साथ आई एपीके फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद साइबर ठगों ने कथित तौर पर उनके मोबाइल और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बना ली। अगले ही दिन, 26 जुलाई को बैंक खाते से 19 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।
एफडी तोड़कर भी निकाली गई रकम
मोबाइल पर बैंक से लेनदेन का मैसेज आने के बाद पीड़िता को ठगी का पता चला। जानकारी के अनुसार, ठगों ने पीड़िता की एफडी तोड़कर भी रकम निकाल ली। खाते से बड़ी रकम निकलने के बाद महिला ने मामले की शिकायत दर्ज कराई।
साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई शिकायत
पीड़िता ने शनिवार को साइबर क्राइम थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और ठगों की पहचान व ठगी की रकम के लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है।


