नोएडा।नोएडा में शाम के समय घर लौटने वाले बच्चों, बाजार जाने वाली महिलाओं और पार्क में टहलने वाले बुजुर्गों के लिए आवारा कुत्तों के झुंड परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। कई इलाकों में लोगों को कुत्तों के हमले का डर सताने लगा है।
सेक्टर-105 में बीटेक छात्र पर हमला
गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे सेक्टर-105 में 20 वर्षीय बीटेक छात्र अमित पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कॉलेज से घर लौटते समय मार्केट के पास तीन-चार कुत्तों ने छात्र को घेर लिया। इसी दौरान एक कुत्ते ने उसकी पिंडली में काट लिया।
बचने की कोशिश में सड़क पर गिरा छात्र
कुत्तों से बचने की कोशिश में छात्र सड़क पर गिर गया। गिरने के कारण उसके घुटने, हाथ और कोहनी में भी चोट आई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और सुरक्षा गार्ड ने कुत्तों को भगाकर छात्र को सुरक्षित किया।
अस्पताल में लगाए गए एंटी-रेबीज इंजेक्शन
घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया। कुत्ते के काटने से पिंडली में हुए गहरे घाव पर तीन टांके लगाए गए हैं। गिरने से आई अन्य चोटों को चिकित्सकों ने हल्का बताया है।


