नोएडा।सूरजपुर कोर्ट में एक अधिवक्ता ने बिसरख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजा है। उन्होंने सरकारी धन में वित्तीय अनियमितता, मरीजों से कथित वसूली और सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
अधिकारियों को भी भेजी शिकायत की प्रति
अधिवक्ता ने शिकायत की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव, महानिदेशक स्वास्थ्य विभाग, जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को भी भेजी है। शिकायत में सीएचसी के स्तर पर वित्तीय लेनदेन और मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई मामलों की जांच कराने की मांग की गई है।
सीएमओ ने मांगे शपथ पत्र और साक्ष्य
शिकायत मिलने के बाद सीएमओ ने मामले की जांच के लिए शिकायतकर्ता से शपथ पत्र और लगाए गए आरोपों से संबंधित साक्ष्य उपलब्ध कराने को कहा है। इसके बाद उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर शिकायत की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
सीएचसी प्रभारी के कार्यकाल पर उठे सवाल
अधिवक्ता तरुण का आरोप है कि सीएचसी प्रभारी डॉ. सचिन्द्र कुमार मिश्रा के कार्यकाल में कई गंभीर मामले सामने आए हैं। उन्होंने सरकारी धनराशि के कथित दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है।


