नोएडा।नोएडा में करीब सात हजार करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन और हैबिटेट सेंटर बनने जा रहा है। सेक्टर-94 में प्रस्तावित यह सेंटर देश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर होगा। इसे ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के माध्यम से एनसीआर के प्रमुख इलाकों से सीधे जोड़ा जाएगा।
पीपीपी मॉडल पर विकसित होगी परियोजना
नोएडा प्राधिकरण ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित करने का फैसला किया है। इस मॉडल से परियोजना के निर्माण पर प्राधिकरण पर कोई वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।
जमीन की कीमत से अधिक तीन हजार करोड़ रुपये राजस्व की उम्मीद
परियोजना के जरिए प्राधिकरण को जमीन की कीमत से अधिक करीब तीन हजार करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा राजस्व साझेदारी के तहत प्राधिकरण को हर महीने आय भी होती रहेगी।
आरएफपी के जरिए कंपनियों से मांगे गए आवेदन
परियोजना के लिए नोएडा प्राधिकरण ने रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) के जरिए इच्छुक कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। कंपनियों से प्राप्त होने वाले सवालों और सुझावों पर चर्चा के लिए एक सितंबर को प्राधिकरण में बैठक आयोजित की जाएगी।


