नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहर को हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभियान पर करीब 12 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। प्राधिकरण ने शहर के 9 सेक्टरों में पार्कों, ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज और सड़कों के किनारे हरियाली के विकास और रखरखाव के लिए करोड़ों रुपये के टेंडर जारी किए हैं।
ग्रेटर नोएडा के 9 सेक्टरों में हरियाली विकसित करने की तैयारी
प्राधिकरण के मुताबिक सेक्टर चाई-5, ओमिक्रान-1ए, केपी-2, केपी-3, ओमिक्रान-3, चाई-3, ज्यू-1, स्वर्ण नगरी और ईकोटेक-1 में हरियाली से जुड़े काम कराए जाएंगे। इन क्षेत्रों में पार्कों और ग्रीन बेल्ट को बेहतर बनाने के साथ सेंट्रल वर्ज तथा सड़क किनारे पौधारोपण और रखरखाव पर भी जोर दिया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा में चाई-5 की सड़क पर 70 लाख से ज्यादा खर्च
सेक्टर चाई-5 की छह लेन सड़क के सेंट्रल वर्ज और हरित पट्टी के विकास के साथ एक साल तक रखरखाव के लिए 70.21 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत सड़क के बीच और किनारे हरियाली विकसित कर क्षेत्र को अधिक आकर्षक बनाने की योजना है।
ग्रेटर नोएडा में ओमिक्रान क्षेत्र के सेंट्रल वर्ज में होगा पौधारोपण
ओमिक्रान-1ए, ज्यू-3, साइट-5 और ओमिक्रान-1ए के बैक साइड के सेंट्रल वर्ज में पौधारोपण और दो साल तक रखरखाव के लिए 1.09 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण की योजना इन क्षेत्रों में हरियाली को विकसित करने के साथ उसे लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बनाए रखने की है।


