नोएडा।नोएडा के सेक्टर-14ए स्थित श्री सिद्धपीठ शनि मंदिर में आयोजित 15वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को भी बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचे। शाम पांच बजे तक करीब 600 कांवड़ियों ने शिविर में विश्राम किया, भोजन ग्रहण किया और अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। वहीं, समाचार लिखे जाने तक 300 से 400 कांवड़िये शिविर में मौजूद थे, जिनकी सेवा में समिति के सदस्य लगातार जुटे रहे।
शहीद अग्निशमन कर्मियों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
शिविर के दौरान एक शोकसभा आयोजित कर सेक्टर-63 के औद्योगिक क्षेत्र में आग बुझाने के दौरान शहीद हुए फायर वाहन चालक कीरतपाल सिंह और फायरमैन रोहित यादव को श्रद्धांजलि दी गई। शनि सेवा समिति, पुलिस कर्मियों और उपस्थित श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत अग्निशमन कर्मियों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी, सहयोगकर्ताओं का किया सम्मान
श्रद्धांजलि सभा में एस.पी.एस. यादव, एस.सी. गुप्ता, मानसिंह चौहान, राजीव मिश्रा, महेंद्र सिंह चौहान, प्रमोद त्यागी, उदय मिश्रा और डॉ. भूपेंद्र शर्मा सहित समिति के पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं, दूसरे दिन के विशाल भंडारे का आयोजन श्री ओमवीर भाटी और श्री नीरज चौहान के सहयोग से किया गया। समिति ने दोनों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक और धार्मिक योगदान की सराहना की।
श्रद्धा, सेवा और समर्पण का बना केंद्र
15वां विशाल कांवड़ सेवा शिविर श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समर्पण का उदाहरण बनकर सामने आया है। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक दिन-रात कांवड़ियों की सेवा में जुटे हैं, जिससे शिवभक्तों को विश्राम, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। समिति ने भविष्य में भी इसी तरह समाजसेवा और धार्मिक कार्यों को जारी रखने का संकल्प दोहराया।


