नोएडा। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ऐसा जाल बिछाया कि उसमें सेक्टर-21 निवासी सेवानिवृत्त नेवी अधिकारी सुनील फंस गए। ठगों ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताकर उनसे करीब डेढ़ महीने में 2.23 करोड़ रुपये अलग-अलग खातों में निवेश करा लिए। जब पीड़ित ने मुनाफे की राशि निकालने की कोशिश की और पैसा नहीं मिला, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर ठगों की पहचान और तलाश में जुटी है।
व्हाट्सएप पर मिला ट्रेडिंग खाते का फॉर्म
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 10 जून को उनके व्हाट्सएप पर अपस्टाक्स सिक्योरिटीज के नाम से ट्रेडिंग खाता खोलने का एक फॉर्म भेजा गया। शेयर बाजार में रुचि होने के कारण उन्होंने उसे असली समझा और संपर्क किया। इसके बाद ठग लगातार उनसे बातचीत करते रहे और खुद को निवेश विशेषज्ञ बताकर भरोसा जीत लिया।
अपर सर्किट और आईपीओ में निवेश का दिया लालच
ठगों ने पीड़ित को अपर सर्किट वाले शेयर खरीदकर पांच प्रतिशत मुनाफे पर बेचने और आईपीओ में निवेश करने पर तीन गुना तक लाभ मिलने का लालच दिया। अधिक मुनाफे के झांसे में आकर सेवानिवृत्त अधिकारी ने ठगों के बताए अनुसार अलग-अलग चरणों में कुल 2.23 करोड़ रुपये निवेश कर दिए।
रकम निकालने पर हुआ ठगी का खुलासा
जब पीड़ित ने अपने निवेश और मुनाफे की रकम निकालने का प्रयास किया तो ठग बहाने बनाने लगे और भुगतान नहीं किया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।


