नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-वन स्थित मेट्रो स्टेशन के नीचे रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं द्वारा किए जा रहे कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर स्थानीय आरडब्ल्यूए ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि को ज्ञापन सौंपा है। आरडब्ल्यूए ने फुटपाथ और सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
फुटपाथ और सड़क पर कब्जे से बढ़ी परेशानी
ग्रे आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने बताया कि सेक्टर डेल्टा-वन मेट्रो स्टेशन के पास सेक्टर का मुख्य प्रवेश द्वार है। उनका आरोप है कि लंबे समय से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं ने फुटपाथ और सड़क पर कब्जा कर रखा है। इससे सुबह और शाम के समय सेक्टरवासियों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रोज लग रहा जाम, झगड़े की बन रही स्थिति
आरडब्ल्यूए के अनुसार, अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे आए दिन ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होती है। कई बार वाहन चालकों और रेहड़ी संचालकों के बीच विवाद और झगड़े की नौबत भी आ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
अवैध टैक्सी स्टैंड और खुले में शराब पीने की शिकायत
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रेहड़ी-पटरी के कारण मेट्रो स्टेशन के नीचे अवैध टैक्सी स्टैंड भी संचालित हो रहा है। लोगों द्वारा सड़क पर वाहन खड़े कर खाना खाने और खुले में शराब पीने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।
नशीले पदार्थों की बिक्री का आरोप, महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता
आरडब्ल्यूए ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया है कि क्षेत्र में स्मैक और गांजा जैसे नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं। इससे स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से अतिक्रमण हटाने और पूरे क्षेत्र में नियमित निगरानी व सख्त कार्रवाई की मांग की है।


