ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक प्रथम कोतवाली पुलिस ने उबर कैब चालक से लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सोमवार रात यमुना पुस्ता स्थित एएमआर के पीछे वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के रुकने के इशारे पर बदमाशों ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल
एडीसीपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान रमन शर्मा और अभिषेक सिंह के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्य प्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं और वर्तमान में दिल्ली व गुरुग्राम में रह रहे थे।
उबर कैब लूटने की वारदात कबूली
पूछताछ में आरोपियों ने उबर ऐप के जरिए दिल्ली से दनकौर के लिए कैब बुक करने और यमुना एक्सप्रेस-वे पर चालक को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर कार व मोबाइल लूटने की वारदात कबूल कर ली। पीड़ित चालक की शिकायत पर रविवार को मामला दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी से मिली पहचान, जांच जारी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की पहचान की थी और उनकी तलाश की जा रही थी। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, मोबाइल और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है।


