नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के भट्टा गांव के पास रविवार देर रात झपकी आने से एक कार अनियंत्रित होकर बंबे में गिर गई। बंबे में पानी अधिक होने के कारण कार में सवार पति-पत्नी फंस गए। कड़ी मशक्कत के बाद पति बाहर निकल आया, जबकि पत्नी की मौत हो गई।
ग्रेटर नोएडा से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, भट्टा गांव निवासी मोहित अपनी 31 वर्षीय पत्नी रीना के साथ किसी काम से ग्रेटर नोएडा गए थे। देर रात दोनों कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भट्टा गांव के पास चालक मोहित को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर बंबे में जा गिरी और कुछ ही देर में पानी में डूब गई।
राहत अभियान में पति बचा, पत्नी नहीं बच सकी
पुलिस चौकी पास होने के कारण सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद मोहित को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनकी पत्नी रीना को नहीं बचाया जा सका। महिला का शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटना की पुष्टि की
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी पानी से बाहर निकलवा लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई नींद की झपकी बताया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।


