ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने शनिवार को म्यांमार निवासी 30 वर्षीय युवती ललाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, युवती पिछले आठ माह से बिना वैध वीजा के अवैध रूप से भारत में रह रही थी।
जेपी ग्रींस सोसायटी में करती थी घरेलू काम
प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवती जेपी ग्रींस सोसायटी के स्टार कोर्ट टावर-8 स्थित एक फ्लैट में रह रही थी। वह वहां रहने वाले परिवार के घर में घरेलू काम करने के साथ उनके बच्चे की देखभाल भी करती थी।
वीजा और अन्य दस्तावेज नहीं दिखा सकी
पुलिस पूछताछ के दौरान युवती अपने वीजा या भारत में रहने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
विदेशी नागरिकों के सत्यापन अभियान में हुआ खुलासा
बीटा-2 कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि क्षेत्र में विदेशी नागरिकों के वीजा और दस्तावेजों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली थी कि जेपी ग्रींस सोसायटी में एक विदेशी युवती रह रही है। पुलिस अब युवती की पहचान, भारत आने के उद्देश्य और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।


