नोएडा। दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को नोएडा से जोड़कर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी प्रसारित करने का मामला सामने आया है। नोएडा में श्रमिकों और युवती के साथ मारपीट, हंगामे तथा सेक्टर-63 और चिल्ला बॉर्डर पर जाम लगने जैसी झूठी पोस्ट वायरल की गईं।
चार इंस्टाग्राम अकाउंट के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
नोएडा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए इंस्टाग्राम के जंतर-मंतर लाइव 24 सच की बात जेन जेड, चर्चा जंक्शन न्यूज और ट्रुथफुल क्रिटिकल समेत संबंधित अकाउंट के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
सेक्टर-63 में 45 हजार श्रमिकों के प्रदर्शन का किया गया दावा
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को जंतर-मंतर लाइव 24 सच की बात जेन जेड नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो के शीर्षक में दावा किया गया कि सेक्टर-63 में 45 हजार से अधिक श्रमिक वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और इसके कारण सेक्टर-63 व चिल्ला बॉर्डर पर यातायात प्रभावित हो गया है।
पुलिस ने बताया दावा पूरी तरह झूठा
जांच में पुलिस ने पाया कि वायरल वीडियो और उससे जुड़े दावे पूरी तरह भ्रामक हैं तथा उनका नोएडा की वास्तविक स्थिति से कोई संबंध नहीं है। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें और अफवाह फैलाने वाले कंटेंट को साझा करने से बचें।


