नोएडा: दादरी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने समर स्पेशल ट्रेन में अनधिकृत रूप से खाद्य सामग्री और पेय पदार्थ बेच रहे तीन वेंडरों को गिरफ्तार किया। तीनों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि जांच अभियान के दौरान तीनों वेंडर बिना अधिकृत अनुमति के ट्रेन में खाद्य सामग्री और पेय पदार्थ बेचते मिले। इसके बाद उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
तीन अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान औरैया के संजय नगर निवासी नारायण वर्मा, मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रामनगर निवासी धर्मेंद्र शाक्य और फिरोजाबाद के बड़ा गांव निवासी प्रियांशु वर्मा के रूप में हुई है।
प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की गई कार्रवाई
आरपीएफ टीम तीनों आरोपियों को ट्रेन से उतारकर आरपीएफ कोतवाली ले गई, जहां उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में अवैध वेंडिंग रोकने के लिए आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।


