नोएडा। सेक्टर-96 अंडरपास के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नोएडा प्राधिकरण के नए कार्यालय के सामने शार्प मोड़ पर एक ही बाइक पर सवार तीन दोस्त अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गए। हादसे में एक छात्र और उसके दोस्त की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे हादसा और घातक साबित हुआ।
एडमिशन फॉर्म लेकर लौटते समय हुआ हादसा
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर-81 सलारपुर निवासी पांच युवक दो बाइकों पर सवार होकर सेक्टर-46 स्थित भवानी शंकर इंटर कॉलेज दसवीं कक्षा का प्रवेश फॉर्म लेने गए थे। दोपहर करीब 12:45 बजे सभी फॉर्म लेकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे सेक्टर-45 सदरपुर की ओर से सेक्टर-96 अंडरपास के शार्प मोड़ पर पहुंचे, तभी आगे चल रही बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
अस्पताल में दो ने तोड़ा दम, एक की हालत गंभीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय गुलशन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल 29 वर्षीय चंदन और नासिर को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान चंदन की भी मौत हो गई। नासिर का उपचार जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
ऑनलाइन गेमिंग से हुई थी दोस्ती, स्कूल जाने का बनाया था प्लान
पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार हुए अजय यादव, नासिर, गुलशन और चंदन की दोस्ती ऑनलाइन गेमिंग के जरिए हुई थी। अजय और नासिर ने हाल ही में नौवीं कक्षा पास की थी और दोनों का दसवीं में प्रवेश होना था। इसी के लिए रविवार रात सभी दोस्तों ने सोमवार सुबह स्कूल जाने की योजना बनाई थी। नासिर की बाइक पर चंदन और गुलशन सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर साहिल और अजय यादव चल रहे थे। स्कूल से लौटते समय तेज रफ्तार और शार्प मोड़ ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।


