नोएडा। सेक्टर-105 में पिछले कुछ समय से नियमित कूड़ा उठान नहीं होने के कारण स्थानीय निवासी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। नोएडा प्राधिकरण द्वारा अनुबंधित गार्बेज वेंडर एमएस एजी एनवायरो इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड पर समय से घर-घर कचरा संग्रहण नहीं करने के आरोप लगे हैं। हालात ऐसे हैं कि रोजाना कूड़ा न उठने की शिकायतें आरडब्ल्यूए तक पहुंच रही हैं, जिससे सेक्टर में सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
RWA अध्यक्ष ने CEO को लिखा पत्र, स्थायी समाधान की मांग
समस्या को गंभीर बताते हुए सेक्टर-105 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि कूड़ा समय पर नहीं उठने से क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बन रहा है, जिससे निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
संक्रामक बीमारियों का खतरा, वेंडर पर कार्रवाई की मांग
आरडब्ल्यूए का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है। संगठन ने प्राधिकरण से अनुरोध किया है कि संबंधित वेंडर कंपनी की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिकों को रोजाना इस समस्या से जूझना न पड़े।
‘स्वच्छ नोएडा’ के लिए ठोस व्यवस्था जरूरी
दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि सेक्टर-105 के निवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्राधिकरण की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि कचरा संग्रहण व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाया जाए तथा इस समस्या का स्थायी और सकारात्मक समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे भविष्य में ऐसी शिकायतें दोबारा न हों।


