[gtranslate]
[gtranslate]

नोएडा में मजदूर की जान से खिलवाड़? JCB से नाले में उतारने के आरोप पर प्राधिकरण कटघरे में, NOFAA ने CEO को घेरा

नोएडा। नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (NOFAA) के संस्थापक सदस्य राजीव सिंह ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश (आईएएस) को पत्र भेजकर सेक्टर-62 में नाले की सफाई के दौरान एक मजदूर को जेसीबी की बकेट में उतारकर सफाई कराने के मामले की जांच की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि 2 जुलाई 2026 को सेक्टर-62 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में मिठास स्वीट्स के पीछे एक व्यक्ति को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के गहरे और गंदे नाले में उतारा गया, जो कानून और मानव सुरक्षा दोनों के खिलाफ है।

‘PEMSR Act-2013’ के उल्लंघन का आरोप, अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग

NOFAA ने अपने पत्र में कहा है कि यह घटना ‘Prohibition of Employment as Manual Scavengers and their Rehabilitation (PEMSR) Act, 2013’ और सर्वोच्च न्यायालय के उन निर्देशों का उल्लंघन है, जिनमें सीवर और नालों की सफाई पूरी तरह मशीनों से कराने पर जोर दिया गया है। संगठन का कहना है कि यदि यह कार्य किसी निजी ठेकेदार के माध्यम से कराया गया हो, तब भी नोएडा प्राधिकरण मुख्य नियोक्ता होने के नाते अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।

दोषियों पर कार्रवाई और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग

राजीव सिंह ने प्राधिकरण से इस पूरे मामले की तत्काल जांच कराने, संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने ऐसे किसी भी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का आग्रह किया है जो बिना सुरक्षा मानकों के मजदूरों से नालों या सीवरों की खतरनाक सफाई कराता हो।

‘स्मार्ट सिटी में मशीनों से हो सफाई, मानव जीवन से न हो खिलवाड़’

NOFAA ने अपने पत्र में सुझाव दिया है कि भविष्य में सभी ड्रेनेज सफाई कार्यों में आधुनिक रोबोटिक मशीनों, सक्शन उपकरणों और यांत्रिक तकनीकों का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित किया जाए। संगठन ने पूरे नोएडा में मैनुअल ड्रेन क्लीनिंग पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू करने, नियमित औचक निरीक्षण कराने और सभी सर्किलों में सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) लागू करने की मांग की है। NOFAA का कहना है कि विश्वस्तरीय और स्मार्ट शहर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे नोएडा में नागरिक सुविधाओं का संचालन मानव जीवन और गरिमा की कीमत पर नहीं होना चाहिए।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

नोएडा से 2027 विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें