Noida News । फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स (फोनरवा) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश (आईएएस) को पत्र भेजकर प्राधिकरण के स्वतंत्र स्वास्थ्य विभाग को तत्काल पुनः स्थापित करने की मांग की है। फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और महासचिव के.के. जैन का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के पुनर्गठन के बाद शहर की सफाई व्यवस्था और जनस्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर दिखाई देने लगा है।Noida News
स्वच्छ सर्वेक्षण में नंबर-1 बनने वाले शहर की व्यवस्था पर उठे सवाल
फोनरवा ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नोएडा को देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया था और उसे ‘सुपर स्वच्छता लीग अवार्ड (गोल्डन सिटी)’ से सम्मानित किया गया। संगठन का कहना है कि इस उपलब्धि में स्वास्थ्य विभाग की अहम भूमिका रही, जिसने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्वच्छता, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम, सफाई निरीक्षण, जनस्वास्थ्य और आवारा पशुओं के टीकाकरण व नसबंदी जैसे कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए।Noida News
सर्किल विभाग पर बढ़ा बोझ, सफाई और स्वास्थ्य सेवाएं हो रहीं प्रभावित
फोनरवा का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारियां विभिन्न सर्किल प्रभारियों को सौंपे जाने के बाद स्थिति बदल गई है। सर्किल विभाग पहले से ही सड़क, नाली, सीवर, निर्माण और अनुरक्षण जैसे कार्यों में व्यस्त है, जिसके कारण स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विशेष कार्यों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा पा रहा है। संगठन ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या, नसबंदी और टीकाकरण में कमी, घायल पशुओं के उपचार, कूड़ा निस्तारण और सफाई व्यवस्था की निगरानी में गिरावट पर भी चिंता व्यक्त की है।Noida News
‘स्वच्छता की पहचान बचानी है तो तुरंत हो कार्रवाई’
फोनरवा के महासचिव के.के. जैन ने कहा कि यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो नोएडा की स्वच्छता व्यवस्था और राष्ट्रीय रैंकिंग दोनों प्रभावित हो सकती हैं। संगठन ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मांग की है कि जनहित और शहर के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्र स्वास्थ्य विभाग को तत्काल बहाल किया जाए तथा उसमें पर्याप्त अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि नोएडा भविष्य में भी देश के सबसे स्वच्छ और आदर्श शहर के रूप में अपनी पहचान बनाए रख सके।Noida News


