नोएडा। सेक्टर-63 थाना पुलिस ने यात्रियों से ऑटो में बैठाकर मोबाइल लूटने और उनके खातों से रुपये ट्रांसफर कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना, एक नाबालिग समेत तीन आरोपितों को सेक्टर-63 बी-1 चौराहा स्थित बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया।
मोबाइल, नकदी और ऑटो बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल फोन, 2,250 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो और एक चाकू बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरोह चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
जेल से छूटकर बनाया था गिरोह
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना गाजियाबाद का गैंगस्टर है, जो कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद उसने ऑटो गिरोह बनाकर रात के समय यात्रियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया और मोबाइल लूटकर पीड़ितों के खातों से रकम ट्रांसफर कराता था।
25 जून की वारदात का खुलासा
पूछताछ में आरोपितों ने 25 जून को सेक्टर-62 में टेक महिंद्रा कंपनी के कर्मचारी रोशन से मोबाइल लूटने और उसके मोबाइल के जरिए 25 हजार रुपये ट्रांसफर कराने की वारदात कबूल की। इस मामले में सेक्टर-63 थाना पुलिस पहले से मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही थी।


