नोएडा। सेक्टर-117 के एसबी ब्लॉक में भूमि विवाद के चलते वर्षों से अधूरे पड़े मार्गों के निर्माण कार्य का आखिरकार शुभारंभ हो गया। नोएडा प्राधिकरण ने विवाद-मुक्त हिस्सों में सड़क एवं नाली निर्माण का कार्य शुरू करा दिया है। लंबे समय से अधूरे पड़े इन मार्गों के कारण स्थानीय निवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, वहीं 5 प्रतिशत श्रेणी के कई भूखंड धारकों को भी कब्जा मिलने में कठिनाई हो रही थी।
RWA के लगातार प्रयासों से खुला विकास का रास्ता
आरडब्ल्यूए सेक्टर-117 के अध्यक्ष एवं फोनरवा के संयुक्त सचिव एडवोकेट कोसिंदर यादव ने बताया कि आरडब्ल्यूए ने पिछले काफी समय से नोएडा प्राधिकरण और संबंधित किसानों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर भूमि विवाद के समाधान, उचित मुआवजा और निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए निरंतर प्रयास किए। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप अब तीनों अधूरे मार्गों और नालियों के निर्माण का कार्य शुरू हो सका है।
नारियल फोड़कर हुआ कार्य का शुभारंभ
निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एडवोकेट कोसिंदर यादव ने नोएडा प्राधिकरण के ठेकेदार एवं अधिकारियों की मौजूदगी में नारियल फोड़कर विधिवत कार्य की शुरुआत कराई। उन्होंने कहा कि यह सेक्टर-117 के निवासियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है और शेष विवादित हिस्सों का समाधान भी संबंधित पक्षों के सहयोग से जल्द कराने का प्रयास जारी रहेगा, ताकि सभी अधूरे मार्गों का निर्माण पूरा हो सके।
स्थानीय लोगों में खुशी, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
कार्यक्रम के दौरान आरडब्ल्यूए के हर्ष मोहन झखमोला, अजय गर्ग, मुकेश त्यागी, रविन्द्र खंडेलवाल, मिथिलेश गुप्ता, पीयूष सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। सेक्टरवासियों ने वर्षों से लंबित विकास कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और उम्मीद व्यक्त की कि इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनेगी और लंबित भूखंडों से जुड़े मामलों के समाधान का रास्ता भी साफ होगा।


