ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा व्यापारिक मंच यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 अब अपने अंतिम तैयारी चरण में पहुंच गया है। यह पांच दिवसीय आयोजन 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा।
31 जुलाई तक कर सकेंगे पंजीकरण
ट्रेड शो में भाग लेने के इच्छुक उद्यमियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है, जो 31 जुलाई तक चलेगी। उद्योग विभाग ने अधिक से अधिक उद्यमियों को इस अंतरराष्ट्रीय मंच से जोड़ने के लिए समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
नए और नियमित निर्यातकों के लिए अलग हॉल
इस वर्ष उद्योग विभाग ने नए और नियमित निर्यातकों के लिए अलग-अलग प्रदर्शनी हॉल आरक्षित किए हैं। इसका उद्देश्य सभी प्रतिभागियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के लिए समान अवसर उपलब्ध कराना है।
150 उद्यमियों को मिलेगा वैश्विक बाजार का मंच
जिले के करीब 150 उद्यमियों को इस ट्रेड शो में भागीदारी का अवसर मिलेगा। इस आयोजन के माध्यम से उन्हें अपने उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने और नए व्यापारिक संबंध स्थापित करने का मौका मिलेगा।


