नोएडा। कोतवाली दादरी पुलिस ने चिटहेरा गांव स्थित पेरिफेरल नहर अंडरपास के पास मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
तमंचा और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक तमंचा और चोरी की बाइक बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एटा का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान एटा जिले के जटोली गांव निवासी अशोक कुमार उर्फ आशु उर्फ भोला के रूप में हुई है। वह लूट समेत कई आपराधिक मामलों में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।


