ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी के पैसों के लेनदेन में इस्तेमाल होने के शक में एक बैंक खाते के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में खाते की गतिविधियां संदिग्ध मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
देशभर से दर्ज हैं 94 साइबर शिकायतें
जांच में पता चला कि इस बैंक खाते के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर देश के विभिन्न राज्यों से कुल 94 शिकायतें दर्ज हैं। वहीं, पिछले छह महीनों के दौरान इस खाते से करीब 76 लाख रुपये का लेनदेन होने की जानकारी सामने आई है।
102 संदिग्ध खातों की जांच के दौरान हुआ खुलासा
पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आठ जुलाई को साइबर हेल्प डेस्क के उपनिरीक्षक धीरेंद्र कुमार को 102 संदिग्ध बैंक खातों की जांच सौंपी गई थी। जांच के दौरान सूरजपुर कस्बा स्थित जम्मू एंड कश्मीर बैंक के अधिकारियों ने पुलिस टीम को इस संदिग्ध खाते की जानकारी उपलब्ध कराई।
लेनदेन का पैटर्न मिला संदिग्ध
पुलिस जांच में सामने आया कि यह बैंक खाता बुलंदशहर जिले के उदयपुर खुर्द बांगर निवासी एक महिला के नाम पर है। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार पिछले छह महीनों में खाते से करीब 76 लाख रुपये का लेनदेन हुआ। लेनदेन का पैटर्न संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने एनसीआरपी पोर्टल पर खाते का विवरण क्रॉस-चेक किया, जहां इसके खिलाफ 94 शिकायतें दर्ज मिलीं।


