नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई इलेक्ट्रिक बस सेवा को शुरुआत के एक महीने के भीतर ही तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे नोएडा से ग्रेटर नोएडा आ रही एक इलेक्ट्रिक बस चार मूर्ति गोलचक्कर के पास बीच रास्ते में खराब हो गई। इससे यात्रियों को दूसरी सवारी का सहारा लेना पड़ा।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर बस सेवा को लेकर सवाल उठने लगे। लोगों ने कहा कि सेवा शुरू होने के महज एक महीने के भीतर ही बसों का खराब होना चिंता का विषय है। खराब बस करीब दोपहर एक बजे तक सड़क किनारे खड़ी रही, जिसके बाद उसे टो करके डिपो ले जाया गया।
सेंसर में पानी जाने की आशंका
नोएडा इलेक्ट्रॉनिक डिपो के एआरएम राजेश ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों में नीचे की ओर सेंसर और कंट्रोलर लगे होते हैं। इनमें पानी जाने पर बस स्टार्ट होने में तकनीकी दिक्कत आती है। प्राथमिक जांच में आशंका है कि सेंसर या कंट्रोलर में पानी पहुंचने के कारण बस खराब हुई। फिलहाल बस को डिपो ले जाकर तकनीकी जांच की जा रही है।
जलभराव से बढ़ सकती हैं दिक्कतें
लगातार हो रही बारिश और शहर के कई हिस्सों में जलभराव इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चुनौती बन सकता है। नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सूरजपुर और परी चौक होते हुए एयरपोर्ट जाने वाले मार्गों पर कई स्थानों पर पानी भरने की समस्या बनी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जलभराव की समस्या दूर नहीं हुई तो आने वाले समय में इलेक्ट्रिक बसों में तकनीकी खराबी की घटनाएं बढ़ सकती हैं।


