नोएडा। तेज बारिश के बाद सेक्टर-16 स्थित रजनीगंधा चौक पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सड़कों पर जलभराव होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई स्थानों पर ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए।
सेक्टर-16 से 15 मार्ग पर परेशानी:
सेक्टर-16 से सेक्टर-15 की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जलभराव के बीच कई वाहन बीच सड़क पर खराब हो गए, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।
12-22 मार्ग पर घंटों जाम:
रजनीगंधा चौक से सेक्टर-12 और 22 की ओर जाने वाले मार्ग पर भी भारी जाम लगा रहा। बारिश और वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। ऑफिस से घर लौटने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने जारी की अपील:
सेक्टर-18 से सेक्टर-16 की ओर जाने वाले मार्ग पर भी लंबा जाम लगा रहा। स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमें यातायात सामान्य कराने में जुटी रहीं, लेकिन लगातार बारिश के कारण स्थिति सामान्य होने में समय लगा। प्रशासन ने लोगों से इस मार्ग से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की।


