नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने रजनीगंधा अंडरपास के सामने से बनने वाली प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के संशोधित अलाइनमेंट को मंजूरी दे दी है। लंबे समय से अलाइनमेंट फाइनल न होने के कारण परियोजना अटकी हुई थी। सोमवार को प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के समक्ष आईआईटी रुड़की ने फिजिबिलिटी रिपोर्ट का प्रस्तुतीकरण किया, जिसके बाद नए रूट को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
सेक्टर-12/22 टी-पॉइंट होगा सबसे चुनौतीपूर्ण
परियोजना का सबसे जटिल हिस्सा सेक्टर-12 और सेक्टर-22 के टी-पॉइंट को माना जा रहा है। यहां एलिवेटेड रोड को सुरक्षित ढंग से मोड़ने के लिए विशेष कर्व डिजाइन तैयार किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार यदि मार्ग को सीधे मोड़ा गया तो करीब 90 डिग्री का मोड़ बन सकता है, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इसी कारण आईआईटी रुड़की इस हिस्से के डिजाइन पर विशेष ध्यान देगा।
अब छह लेन में सेक्टर-60 तक पहुंचेगा मार्ग
संशोधित योजना के तहत एलिवेटेड रोड का दायरा करीब 1.5 किलोमीटर बढ़ा दिया गया है। छह लेन का यह मार्ग सेक्टर-3 से शुरू होकर सेक्टर-10, सेक्टर-12, सेक्टर-22 टी-पॉइंट और सेक्टर-57 होते हुए सेक्टर-60 तक जाएगा। अलाइनमेंट मंजूर होने के बाद अब जल्द ही परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी।
डीएनडी से सेक्टर-62 तक जाम से मिलेगी राहत
एलिवेटेड रोड बनने के बाद डीएनडी से नोएडा के औद्योगिक और आईटी हब तक पहुंचना आसान हो जाएगा। वर्तमान में रजनीगंधा चौराहा, सेक्टर-12/22 तिराहा और सेक्टर-56 तिराहे पर सुबह-शाम भारी जाम लगता है। परियोजना पूरी होने के बाद डीएनडी से सेक्टर-62 तक का सफर लगभग 10 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जिससे नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद, खोड़ा और इंदिरापुरम के लाखों वाहन चालकों को राहत मिलेगी।


