ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में शराब के नशे में तीन युवकों ने गाली-गलौज के बाद एक कार में आग लगा दी। आग लगने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के दौरान पीड़ित ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
कार के साथ जरूरी सामान भी जला
आग की चपेट में आने से कार के अंदर रखा मोबाइल फोन, पर्स और अन्य जरूरी दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए। घटना से पीड़ित को काफी आर्थिक नुकसान हुआ।
दो आरोपित गिरफ्तार, तीसरे की तलाश
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपित की तलाश जारी है।
रौनक रेजीडेंसी के पास हुई घटना
पुलिस के अनुसार, अलीगढ़ के टप्पल निवासी आर्यन चौधरी चार जुलाई को अपने साथी जसवीर उर्फ कालू के साथ नॉलेज पार्क-3 स्थित रौनक रेजीडेंसी आए थे। इसी दौरान विवाद के बाद आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया। मामले की जांच जारी है।


