ग्रेटर नोएडा :के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं से लैस करने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय टेनिस एकेडमी, पैडल और पिकल बॉल कोर्ट के संचालन, रखरखाव और प्रबंधन के लिए छह एजेंसियों ने रुचि दिखाई है। प्री-बिड बैठक के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राधिकरण की योजना के तहत पहले चरण में टेनिस, पैडल और पिकल बॉल कोर्ट को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। प्री-बिड बैठक में चार कंपनियों के अलावा तीन अन्य इच्छुक आवेदकों ने भी भाग लिया और परियोजना से जुड़े तकनीकी एवं संचालन संबंधी सुझाव दिए। अब इन सुझावों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि टेनिस एकेडमी और अन्य खेल सुविधाओं के लिए 13 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके बाद लगभग एक माह के भीतर एजेंसी चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन एकेडमी के लिए 15 जुलाई को प्री-बिड बैठक आयोजित होगी, जिसके बाद उसके लिए भी चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, चयनित एजेंसी के साथ तीन वर्ष का अनुबंध किया जाएगा, जिसे बेहतर प्रदर्शन के आधार पर एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकेगा। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रवि कुमार एनजी के निर्देश पर पथिक स्टेडियम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने वाले प्रमुख खेल केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।


