नोएडा: पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बुधवार को छह एडीसीपी और एसीपी के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। जारी आदेश के तहत विभिन्न अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाया जा सके।
फेरबदल के तहत एडीसीपी राजेंद्र कुमार गौतम को प्रभारी डीसीपी लाइन्स का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें एडीसीपी अपराध, आंकिक एवं मॉनिटरिंग सेल तथा एसीपी आंकिक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वहीं, एसीपी राजीव कुमार सिसौदिया को पुलिस आयुक्त के स्टाफ ऑफिसर पद से स्थानांतरित कर एसीपी चतुर्थ, ग्रेटर नोएडा नियुक्त किया गया है।
अन्य तबादलों में डॉ. रवि शंकर को यातायात नोएडा और सेंट्रल नोएडा से स्थानांतरित कर एसीपी तृतीय, ग्रेटर नोएडा बनाया गया है। वहीं, मयंक तिवारी को एसीपी द्वितीय, नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाना है।
इसके अलावा पवन कुमार को यातायात ग्रेटर नोएडा के साथ मुख्यालय, आंकिक, एसीपी यातायात नोएडा एवं सेंट्रल नोएडा का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


