नोएडा। नोएडा के गांव नंगली वाजिदपुर की गली नंबर-5 में सोमवार को नई बिछाई गई बिजली की केबल में अचानक आग लग गई। आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि घटना के बाद बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए प्रभावित रही।
‘लगातार आग लगना गंभीर लापरवाही का संकेत’
सेक्टर-130 आरडब्ल्यूए के उपाध्यक्ष अशोक चौहान ने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिजली विभाग द्वारा हाल ही में डाली गई नई केबलों में लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि नई केबलें बार-बार आग पकड़ रही हैं तो उनकी गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या विभाग द्वारा घटिया गुणवत्ता की केबल का इस्तेमाल किया गया है।
जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
बार-बार हो रही घटनाओं से लोगों में नाराजगी
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नई बिजली केबलों में आग लगने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने विभाग से सभी नई केबलों का सुरक्षा ऑडिट कराने, खराब सामग्री को बदलने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।


