नोएडा महानगर कांग्रेस कमेटी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन सेक्टर-9 स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में बच्चों के साथ धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर राहुल गांधी के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कॉपी, किताबें, पेन, पेंसिल, रबड़ सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री और फल वितरित किए गए।

गरीबों और युवाओं की आवाज हैं राहुल गांधी : मुकेश यादव
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश यादव ने राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने गरीबों, किसानों, मजदूरों और युवाओं की समस्याओं को संसद में मजबूती से उठाकर देश की जनता की आवाज बुलंद की है। मुकेश यादव ने राहुल गांधी के दीर्घायु होने और भविष्य में देश की सेवा के लिए और अधिक सशक्त भूमिका निभाने की कामना की।
सामाजिक न्याय की लड़ाई के प्रतीक हैं राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष शहाबुद्दीन ने कहा कि राहुल गांधी ने सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी राहुल गांधी का साहस और संकल्प देश के युवाओं और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने ईश्वर से राहुल गांधी के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना की।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान वरिष्ठ नेता पुरुषोत्तम नागर, पवन शर्मा, फिरे सिंह नागर, यतेंद्र शर्मा, संजय तनेजा, ललित अवाना, दिनेश अवाना,रामकुमार शर्मा, प्रमोद शर्मा, विक्रम चौधरी, राहुल पांडेय, सुल्तान सिंह बिधूड़ी, परवेज, सुमन रॉय, उर्मिला चौधरी, गौरव अधाना और सतीश पांचाल सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


