दीप चौधरी, ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित कोर्ट परिसर में गली नंबर-7 और 8 के सामने बने एक शेड में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान कोर्ट में छुट्टी होने के कारण परिसर में भीड़ कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
स्थानीय लोगों ने तुरंत आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास के क्षेत्र में फैलने से बच गई।
कोर्ट में छुट्टी होने से नहीं हुई जनहानि
बताया जा रहा है कि शेड में रखे सामान में आग लगी थी, जिसके चलते कुछ देर तक इलाके में धुआं और लपटें दिखाई देती रहीं। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आग लगने की स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।






