नोएडा। सेक्टर-134 स्थित जेपी विशटाउन के निवासियों में बिजली व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी है। निवासियों का आरोप है कि परियोजना के नक्शे में दो ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) प्रस्तावित थे, लेकिन वर्तमान में केवल एक जीएसएस ही संचालित हो रहा है। इसी एक स्टेशन से सेक्टर-128 से लेकर सेक्टर-134 तक बिजली आपूर्ति की जा रही है।
गर्मी बढ़ते ही बढ़ी बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या
निवासियों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या गंभीर होती जा रही है। कई बार महज 15 मिनट के भीतर पांच से दस बार बिजली आने-जाने की स्थिति बन रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरे जीएसएस के निर्माण तक नई इमारतों को ओसी न देने की मांग
लगातार बिजली ट्रिप होने के कारण एसी, इन्वर्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली कटने से घरेलू उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। जेपी विशटाउन के निवासियों ने मांग की है कि दूसरे ग्रिड सब स्टेशन का निर्माण पूरा होने तक नई इमारतों को ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC) जारी न किया जाए। उनका कहना है कि मौजूदा बिजली ढांचा पहले से ही दबाव में है और बिना पर्याप्त व्यवस्था के नई आबादी जोड़ने से स्थिति और खराब हो सकती है।






