Noida News: नोएडा के सेक्टर-93 स्थित सुपर एमआईजी सोसाइटी में कूड़े के ढेर और सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह बड़ी संख्या में निवासियों ने गेट नंबर-4 के सामने प्रदर्शन कर नोएडा प्राधिकरण और संबंधित कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने इलाके में फैली गंदगी, बदबू और बढ़ती बीमारियों पर नाराजगी जताई।
‘कूड़े की गाड़ियों से इलाके में फैल रही बदबू’
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे निवासी ने बताया कि पिछले कई दिनों से गेट नंबर-4 के सामने लगातार कूड़े की गाड़ियां खड़ी की जा रही हैं। इसके अलावा आसपास कूड़े के ढेर लगे होने से पूरे इलाके में बदबू फैल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। सुबह-सुबह कूड़ा वाहनों की आवाजाही से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
Ai Generated Image
कई लोग बीमार, किरायेदार छोड़ रहे मकान
निवासियों का कहना है कि गंदगी और बदबू के कारण अब तक पांच से सात लोग बीमार पड़ चुके हैं। वहीं कई किरायेदारों ने परेशान होकर मकान खाली करना शुरू कर दिया है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा।
प्राधिकरण और एजेंसियों पर लापरवाही का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने नोएडा प्राधिकरण और संबंधित एजेंसियों पर सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। लोगों की मांग है कि कूड़ा डंपिंग और वाहनों की पार्किंग को तुरंत बंद कर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए ताकि इलाके के लोगों को राहत मिल सके।