
ग्रेटर नोएडा की व्यस्त दादरी-सूरजपुर-छलेरा (डीएससी) रोड की हालत सुधारने की तैयारी शुरू हो गई है। लंबे समय से जर्जर सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत देने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इसके तीन साल तक नियमित रखरखाव और अनुरक्षण कार्य को मंजूरी दी है। इस काम के लिए 1.26 करोड़ रुपये से अधिक का बजट स्वीकृत किया गया है।

वर्क सर्किल-3 के तहत होगा सड़क का रखरखाव
प्राधिकरण की ओर से यह कार्य वर्क सर्किल-3 के तहत कराया जाएगा। योजना में कच्ची सड़क तिराहे से लेकर नोएडा एंट्री प्वाइंट तक के हिस्से को शामिल किया गया है। इस मार्ग पर नियमित रखरखाव होने से सड़क की स्थिति बेहतर बनाए रखने और वाहन चालकों की परेशानी कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद एजेंसी को मिलेगी जिम्मेदारी
प्राधिकरण के अनुसार, इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही संबंधित एजेंसी को जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी। इसके बाद सड़क के रखरखाव और अनुरक्षण का काम शुरू कराया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क की खराब स्थिति को सुधारना और भविष्य में उसकी नियमित देखरेख सुनिश्चित करना है।
तीन साल तक सड़क की देखभाल करेगी ठेकेदार एजेंसी
डीएससी रोड के रखरखाव के लिए वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध (एमएमसी) व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत ठेकेदार एजेंसी को तीन साल तक सड़क की देखभाल करनी होगी। नियमित अनुरक्षण से सड़क को बेहतर स्थिति में बनाए रखने और जर्जर मार्ग के कारण होने वाली परेशानियों को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।


